मंदसौर - मंदसौर में दो दिन पहले शुक्रवार (18 जुलाई) को जिस भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी, उसका रविवार को एक महिला के साथ वीडियो सामने आया है।
वीडियो रील में श्यामलाल एक महिला के साथ दिख रहे हैं। वे बाइक चला रहे हैं और महिला पीछे बैठी हुई है। बताया जा रहा है कि ये महिला सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं।
एक मोबाइल नंबर से लगातार दोनों में बातचीत होना भी सामने आया है। पुलिस को उम्मीद है कि इस एंगल से मामले में कोई सुराग हासिल हो सकता है। मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि श्यामलाल धाकड़ के मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर काफी चर्चित है महिला
श्यामलाल के साथ वीडियो में जो महिला दिख रही है वह सोशल मीडिया पर काफी चर्चित है। वजह है वीडियो रील पर दिए उसके कैप्शन और डायलॉग।
एक रील में महिला ये कैप्शन लिखा - 'जिगर इतना रखती हूं लाल, कांड करके भी अंजाम की फिक्र नहीं करती'।
एक रील ये कहते हुए बनाई - 'मेरे जैसी लड़की को हल्के में मत लेना, मैं सोचती गैंगस्टर की तरह हूं और बोलती वकीलों की तरह।'
मामले में एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि टीमें लगातार सर्चिंग में लगी हैं, कॉल डिटेल्स भी निकलवाई जा रही है। वीडियो में नजर आ रही महिला से भी पूछताछ की जाएगी।
48 घंटे बाद भी पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग
भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ मंदसौर के हिंगोरिया बड़ा का रहने वाला था। वह मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बूढ़ा मंडल से उपाध्यक्ष था।
शुक्रवार सुबह श्यामलाल का शव उसके ही घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। श्यामलाल अपने घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। उनके शव पर धारधार हथियार के निशान थे।
इस वारदात के करीब 48 घंटे बाद भी पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस और साइबर सेल की 7 टीमें लगातार क्षेत्र में छानबीन कर रही हैं। पुलिस मामले में एनडीपीएस एक्ट, मुखबिरी और अवैध संबंधों के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
2021 से मंडल उपाध्यक्ष थे श्यामलाल धाकड़
स्थानीय लोगों ने बताया कि श्यामलाल धाकड़ साल 2021 से लगातार भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बूढ़ा मंडल से उपाध्यक्ष थे। वे पार्टी के हर कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते थे। उनका एक बेटा और एक बेटी है।
डिप्टी सीएम देवड़ा ने दिए थे जांच के आदेश
वारदात के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने जांच के आदेश दिए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता श्यामलाल धाकड़ का शव उनके ही घर में मिलने का समाचार प्राप्त हुआ। मैंने जिला पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने हत्या की आशंका जाहिर की है। घटनाक्रम का जल्द से जल्द खुलासा कर जो भी आरोपी हों, उन्हें जेल की सींखचों में पहुंचाएं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया-
पुलिस और साइबर सेल की सात टीमें आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चलाकर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं। एसपी अभिषेक आनंद स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।