नीमच। नगरपालिका नीमच द्वारा सुरक्षा की दृष्टि एवं सौन्दर्यीकरण हेतु दीवार का निर्माण किया जाता है। परन्तु यह देखा गया की शासकीय दीवार पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा अवैध रूप से प्रचार-प्रसार हेतु विज्ञापन बनाकर निकाय की दीवार को गंदा किया जाता है। स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत निकाय द्वारा वॉल पेन्टींग का कार्य भी किया जाता है। पेन्टींग के उपर भी विभिन्न संस्थाओं द्वारा अवैध पोस्टर लगा दिये गये। जिससे निकाय की वॉल भी खराब होती है। नगरपालिका परिषद्, नीमच द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती गरिमा पाटीदार के नेतृत्व में निकाय की दीवार पर अवैध रूप से प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती पाटीदार ने भ्रमण के दौरान भी निकाय की दीवार पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा किया गया प्रचार-प्रसार देख तत्काल संबंधित के खिलाफ नोटीस जारी करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा तत्काल शहर में सर्वे करवाकर 40 व्यक्तियों को नोटिस जारी किये गये। श्रीमती पाटीदार ने बताया कि नोटिस जारी करने के तीन दिवस में यदि संबंधित संस्था/व्यक्तियों द्वारा दीवार को सही नही कराया गया तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी।