उज्जैन -
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन की नलवा ग्राम पंचायत से लाड़ली बहना योजना की 26वीं किस्त जारी कर दी है। सीएम ने सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1543.16 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की।
सीएम ने 56.74 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 340 करोड़ रुपए और 30 लाख से ज्यादा बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 46.34 करोड़ रुपए की राशि भी ट्रांसफर की है।
बहनों के लिए खजाना लुटाने की बारी आएगी तो पीछे नहीं हटेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहन एक घर मायका और दूसरा घर ससुराल को धन्य बनाती है। हमने लाड़ली बहना योजना शुरू की। जबकि ये कांग्रेस के लोग, इन्होंने एक कौड़ी भी नहीं दी।
जब बहनों को देने की योजना आई तो ये चुनाव से पहले छाती पीट-पीट कर कह रहे थे कि पैसा कहां से लाओगे। लुटा दिया। हम कह रहे हैं कि बहनों के लिए खजाना लुटाने की बारी आएगी तो पीछे नहीं हटेंगे।
250 रुपए अलग से खाते में आएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा 1550 करोड़ आपके खाते में डाले हैं। 9 अगस्त की राखी है। बहनों चिंता मत करना इससे पहले 250 रुपए अलग से आपके खाते में आएंगे। दिवाली के बाद भाई दूज भी जोरदार होगी। दिवाली के बाद लाड़ली बहनों को हमारी सरकार 1500 रुपए महीना शुरू करेगी। इसके बाद 2026, 2027 में फिर बढ़ेंगे। 5 साल में चुनाव आएगा तब तक 3000 रुपए महीना दिया जाएगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के कालिदास अकादमी में आयोजित निषाद सम्मेलन का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने 430 मोटर साइकिल विद आइस बॉक्स के स्वीकृति पत्र बांटे।। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भगवान श्रीराम और निषाद राज महाराज की मित्रता का वर्णन करते हुए कहा कि सबसे पहले भगवान राम को पहचानने वाले कोई व्यक्ति थे तो वे महाराज निषाद राज थे।
सीएम ने कहा- निषाद समाज मौत को आंख से आंख मिलाकर पानी में खेती करने वाला समाज है। जो इंडस्ट्रीज को लाभ मिल रहे वर्तमान में वही लाभ भविष्य में मछली पालकों को मिलेगा। सीएम ने कहा नशा विरोधी अभियान का हिस्सा बने, नशे से बचे, दो पैसा बचाएं, मौत, शादी विवाह में फालतू पैसा बर्बाद नहीं करना चाहिए।
इस मौके पर सीएम ने 100 गाड़ियां हितग्राहियों को दी। प्रदेश में कुल 430 गाड़ियों का वितरण होगा। बॉक्स में मछलियां प्रिजर्व कर रखने के लिए साधन भी सरकार ने उपलब्ध कराए हैं। सभी गाड़ियों में आईस बॉक्स लगाए गए हैं। कार्यक्रम में जबलपुर ,छिदंवाड़ा और डिंडोरी से 4000 से अधिक आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। यहां उनके साथ प्रभारी मंत्री, नारायण सिंह पंवार, गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया मौजूद रहे।
सीएम डॉ. यादव सपत्नीक भस्म आरती में हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार से ही उज्जैन में हैं। श्रावण माह के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने सपत्नीक भगवान महाकाल ने दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और भस्म आरती में शामिल हुए। इसके बाद शिप्रा नदी के नरसिंह घाट पर डुबकी लगाई।
उन्होंने कहा कि "बाबा महाकाल की असीम कृपा से ही मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। मैं बाबा से प्रार्थना करता हूं कि हमारा प्रदेश आत्मनिर्भरता, रोजगार, शिक्षा और आध्यात्म के मार्ग पर सतत आगे बढ़ता रहे। सीएम यादव ने यह भी कहा कि सावन महाकाल की कृपा प्राप्त करने का सर्वोत्तम समय होता है और इस पवित्र माह में किया गया संकल्प निश्चित ही जनकल्याण में परिणत होता है।
मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी ,मंदिर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी दर्शन में भाग लिया। भस्मारती के बाद उन्होंने गर्भगृह में विशेष पूजा की और महाकाल की नगरी उज्जैन से प्रदेश की भावनात्मक और आध्यात्मिक एकता का संदेश भी दिया।